
सिद्धार्थनगर सांसद पुत्री पूजा पाल ने रक्तदान शिविर का किया आयोजन

सेवा और समर्पण की एक अनूठी मिसाल बांसी में देखने को मिली। जहाँ अपनों की याद को समाज सेवा का जरिया बनाया गया। सांसद जगदंबिका पाल की सुपुत्री पूजा पाल ने अपने स्वर्गीय पति की स्मृति में बने आईपीएस प्रवीण कुमार ट्रस्ट के माध्यम से एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया। जिसमें दर्जनों लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।


सिद्धार्थनगर जिले के बांसी स्थित उच्चीकृत 50 शैय्या अस्पताल में आज मानवता की सेवा के लिए लोग उमड़ पड़े। मौका था आईपीएस प्रवीण कुमार ट्रस्ट द्वारा आयोजित ब्लड डोनेशन कैंप का। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर अभिषेक महाजन ने फीता काटकर किया।


इस कैंप में युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूजा पाल की इस मुहिम से प्रेरित होकर पचासों लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इस दौरान एसपी अभिषेक महाजन ने आयोजकों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है और यह किसी का जीवन बचाने में संजीवनी का काम करता है।

ट्रस्ट की ओर से पूजा पाल ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी तरह के सामाजिक कार्य जारी रखने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं एवं नागरिकों की सक्रिय सहभागिता यह दर्शाती है कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना निरंतर मजबूत हो रही है। इस प्रकार के आयोजन “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करते हैं।

मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन जी द्वारा दिया गया संदेश “रक्तदान ही सबसे बड़ा दान है” समाज को मानवता और कर्तव्य के पथ पर अग्रसर करने वाला है।



